Tree Plantation

एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत जेसीडी मेमोरियल कॉलेज में 150 पौधे रोपित
हर एक पौधा भविष्य की पीढ़ियों के लिए अनमोल उपहार: लेफ्टिनेंट कर्नल अजय सिंह
विद्यार्थियों ने पौधों की देखभाल का लिया संकल्प

सिरसा। 30 जुलाई 2026
हरियाणा सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जेसीडी विद्यापीठ स्थित जेसीडी मेमोरियल कॉलेज में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में नीम, शीशम, बकाइन और जामुन सहित विभिन्न प्रजातियों के 150 पौधों का रोपण किया गया। इन पौधों से भविष्य में परिसर को हरित बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता को भी बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम में चौधरी देवीलाल गौशाला, सिरसा के प्रधान जोगिंदर नागपाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि चौधरी देवीलाल गौशाला के सचिव धर्मपाल मेहता, सुभाष फुटेला, सूरजभान, अशोक, डॉ. मुकेश, सोनू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस दौरान जेसीडी विद्यापीठ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल अजय सिंह एवं जेसीडी विद्यापीठ के महानिदेशक डॉ. जय प्रकाश की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता जेसीडी मेमोरियल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. रणजीत सिंह ने की। इस अवसर पर जेसीडी के खेल अधिकारी डॉ. अमरीक गिल, एनएसएस इंचार्ज डॉ. सीमा रानी, एनसीसी इंचार्ज अनिल कुमार, महाविद्यालय का समस्त स्टाफ, एनएसएस स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जेसीडी विद्यापीठ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल अजय सिंह ने कहा कि एक पेड़ माँ के नाम केवल एक पौधारोपण अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति, मातृत्व और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रेरणादायी संदेश है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक जनआंदोलन का रूप ले सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक पौधा भविष्य की पीढ़ियों के लिए अनमोल उपहार है। विद्यार्थियों को लगाए गए प्रत्येक पौधे की जिम्मेदारी निभानी चाहिए और अपने कार्यों से समाज के लिए प्रेरणा बनना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे पर्यावरण संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण करें।

कार्यक्रम के शुभारंभ पर प्राचार्य प्रो. रणजीत सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि पौधे पृथ्वी का आभूषण और मानव जीवन का आधार हैं। आज लगाया गया एक पौधा आने वाले वर्षों में हजारों लोगों को स्वच्छ वायु, छाया और जीवन प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो धरती को फिर से हरा-भरा बनाया जा सकता है।

मुख्य अतिथि जोगिंदर नागपाल ने जेसीडी विद्यापीठ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें इस पुण्य एवं सेवा कार्य का हिस्सा बनने का अवसर मिला, जिसके लिए वे संस्थान के प्रति कृतज्ञ हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी का सामूहिक दायित्व है। पेड़ हमें स्वच्छ वातावरण, जीवनदायिनी ऑक्सीजन और प्राकृतिक संतुलन प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे केवल पौधे ही न लगाएं, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक उनकी नियमित देखभाल भी करें। साथ ही उन्होंने सभी को चौधरी देवीलाल गौशाला, सिरसा का भ्रमण करने तथा गौसेवा जैसे पुनीत कार्यों से जुड़ने का भी आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया और प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प लिया।
उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने की भी शपथ ली।

99917-00080